दिल टूटा,विश्व कप से अर्जुन हुए बाहर, सिंदारोव,वे यी और एसिपेंको अंतिम 4 में
गोवा में चल रहे विश्व कप शतरंज 2025 में भारतीय चुनौती अब पूरी तरह समाप्त हो गई है, भारत की आख़िरी उम्मीद और पूरे टूर्नामेंट में शानदार खेल दिखाने वाले अर्जुन एरिगैसी चीन के वे यी से टाईब्रेक मुक़ाबला हारकर विश्व कप से बाहर हो गए है। अर्जुन नें पहले रैपिड में हारी स्थिति का अदभुत बचाव किया पर दूसरी बाजी में थोड़ी बेहतर बाजी में जीतने के लिए थोड़ा ज़्यादा कोशिश की और उनसे गलती होते ही वे यी नें अर्जुन को मुश्किल में डालना शुरू कर दिया और जीत अपने नाम की। अर्जुन की इस हार से लगातार चौंथी बार उनका फ़ीडे कैंडिडेट में जगह बनाने का सपना टूट गया है, इससे पहले दिसंबर 2023 और 24 में वह फ़ीडे सर्किट में सबसे आगे थे तो विश्व कप 2023 के बाद अब वह 2025 में भी क्वाटर फाइनल में हारे है। उम्मीद है अर्जुन इस झटके से उबर कर फिर से ज़ोरदार वापसी करेंगे। अर्जुन अब जल्द ही फ्री स्टाइल शतरंज के साउथ अफ़्रीका में होने वाले अगले पड़ाव में नज़र आयेंगे। फ़िलहाल विश्व कप के सेमीफाइनल के मुकाबले तय हो चुके है और उज़्बेकिस्तान के दोनों खिलाड़ी सिंदारोव और याकूबबोएव आपस में खेलेंगे तो चीन के वे यी का सामना रूस के आंद्रे एसिपेंको से होगा। देखना यह है कि इनमें से कौन तीन अपने कैंडिडेट के सपने को सच कर दिखाते है। अब एक दिन के विश्राम के बाद मुकाबले शुरू होंगे। पढ़े यह लेख, फोटो : Fide/ Michal Walusza & ChessBase India/ Shahid Ahmed/

विश्व कप शतरंज से भारतीय चुनौती समाप्त अर्जुन चीन के वे यी से हारकर हुए बाहर
गोवा ,भारत के नंबर एक शतरंज खिलाड़ी और विश्व कप में भारत की आखिरी उम्मीद ग्रैंडमास्टर अर्जुन एरिगैसी आज क्वाटर फ़ाइनल के टाईब्रेक मुक़ाबले में चीन के वे यी से हारकर बाहर हो गए है और इस तरह विश्व कप में भारत की चुनौती समाप्त हो गई है ।

कल जीत से चूकने के बाद टाईब्रेक में अर्जुन का सामना पहले रैपिड में चीन के वे यी से हुआ पर कल मिले जीवनदान का फ़ायदा उठाते हुए उन्होंने सफेद मोहरो से अर्जुन की फ्रेंच ओपनिंग में बेहतरीन खेल दिखाते हुए कुछ नई चालों से अर्जुन को चौंका दिया हालांकि एक समय मुश्किल में लग रहे अर्जुन किसी तरह ड्रा करने में सफल रहे , दूसरी रैपिड बाजी में अर्जुन नें सफेद मोहरो से एक समय मजबूत स्थिति हासिल कर ली थी पर वह जीतने के प्रयास में कुछ ग़लतियाँ कर बैठे और वे यी नें जीत दर्ज करते हुए टाईब्रेक 1.5-0.5 से अपने नाम कर लिया । जीतने के बाद वे यी नें कहा की अर्जुन नें जीतने के लिए ज़्यादा प्रयास किए वह खेल को ड्रा रखकर अगले टाईब्रेक में जा सकते थे ।
देखें क्या हुआ अर्जुन के मुकाबले में निकलेश के रिकैप में

वहीं अन्य दो टाईब्रेक मुकाबलों में उज्बेकिस्तान के ग्रैंडमास्टर सिंदारोव जावोखिर नें मेक्सिको के ग्रैंडमास्टर जोस एडुआर्डो मार्टिनेज अलकांतारा को पराजित करते हुए सेमी फ़ाइनल में प्रवेश कर लिया जहाँ उनका सामना अब हमवतन नोदिरबेक याकूबबोव से होगा ।

वहीं तीसरे मुक़ाबले में रूस के आंद्रे एसिपेंको नें यूएसए के सैम शंकलैंड को पराजित करते हुए सेमी फ़ाइनल में प्रवेश किया और अब उनका सामना चीन के वे यी से होगा ।
सेमी फ़ाइनल जीतने वाले दोनों खिलाड़ियों को सीधे कैंडिडेट में प्रवेश मिलेगा जबकि हारने वाले खिलाड़ियों को तीसरे स्थान के लिए मुकाबला जीतकर कैंडिडेट में पहुँचने का दूसरा और अंतिम मौका मिलेगा । इस हार के साथ ही अब अगले फ़ीडे कैंडिडेट में भारत की उम्मीद अब सिर्फ़ प्रज्ञानन्दा ही बाक़ी है जो फ़ीडे सर्किट पॉइंट के ज़रिए अभी भी कैंडिडेट पहुँच सकते है ।